जांजगीर-चांपा। जिले के नेताजी चौक पर शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। परिजन नेताजी फर्नीचर के संचालक से मुआवजे की मांग कर रहे थे, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
जानकारी के अनुसार, जांजगीर थाना क्षेत्र के खोखसा गांव निवासी हरिचरण प्रधान नेताजी फर्नीचर में काम करता था। काम के दौरान सीढ़ी से फिसलकर गिरने से उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था। घायल को नायक नर्सिंग होम, चांपा में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन शव लेकर नेताजी चौक पहुंचे और मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। करीब छह घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाइश दी।
अंततः सहमति बनने के बाद चक्काजाम समाप्त कराया गया। समझौते के तहत फर्नीचर संचालक द्वारा मृतक के बच्चों के नाम 8 लाख रुपये की एफडी कराई जाएगी, जबकि परिवार को तत्काल राहत के रूप में 50 हजार रुपये नकद दिए गए।