तमनार हिंसा मामला: पुलिस का सख्त एक्शन, बड़ी संख्या में आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़।तमनार ब्लॉक में 27 दिसंबर को ग्रामीणों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ हुई शर्मनाक घटना के बाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। तमनार और आसपास के इलाकों में लगातार छापेमारी कर बड़ी संख्या में आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं।

गौरतलब है कि जिंदल कोयला खदान के विरोध में हुए आंदोलन के दौरान कुछ उपद्रवियों ने ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी के साथ आपत्तिजनक व्यवहार किया था। इस दौरान तमनार थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मियों पर भी हमला किया गया, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष टीमों का गठन किया और आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जेल परिसर और आसपास के क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

इस मामले में एसपी दिव्यांग पटेल ने स्पष्ट कहा है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जांच जारी है और घटना में शामिल सभी लोगों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।

You May Also Like

More From Author