रायपुर। नक्सली कमांडर बारसे देवा के समर्पण पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार लगातार नक्सलियों के पुनर्वास और मुख्यधारा में वापसी के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि भले ही यह समर्पण तेलंगाना में हो रहा हो, लेकिन यह सकारात्मक कदम है। मन परिवर्तन के बाद आज उसका औपचारिक सरेंडर होगा और यह सब मार्च 2026 के लक्ष्य के अनुरूप है। देश से नक्सलवाद रूपी नासूर को समाप्त करने की दिशा में यह बड़ी उपलब्धि है।
कर्मयोगी अभियान और जनजातीय विकास पर उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के कई जनजातीय बहुल गांवों का चयन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सड़क, अस्पताल, एम्बुलेंस जैसी बुनियादी सुविधाएं दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुंचाई जा रही हैं। पीएम जनमन योजना सहित विभिन्न योजनाओं से पिछड़े इलाकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा रहा है।
वहीं, चैतन्य बघेल की जमानत को लेकर उप मुख्यमंत्री ने भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि देश की संवैधानिक संस्थाओं—चाहे न्यायालय हो या चुनाव आयोग—पर भरोसा रखना चाहिए। यह पूरी तरह न्यायिक प्रक्रिया का विषय है।