मनरेगा में बदलाव के विरोध में तखतपुर में कांग्रेस की विशाल पदयात्रा

तखतपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन और केंद्र सरकार द्वारा वित्तीय हिस्सेदारी 90:10 से घटाकर 60:40 किए जाने के विरोध में तखतपुर क्षेत्र में एक विशाल पदयात्रा आयोजित करने जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार का यह फैसला मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने वाला है, जिसका सीधा नुकसान गरीबों, मजदूरों और ग्रामीण तबके को होगा।

यह पदयात्रा तखतपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम जोरापारा से शुरू होकर मोछ और खैरी होते हुए गिरधौना तक निकाली जाएगी। करीब 5 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे और मनरेगा श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा का संकल्प लेंगे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका और सामाजिक सुरक्षा की रीढ़ है। योजना के नाम में बदलाव और केंद्र की हिस्सेदारी घटाने से राज्यों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा, जिससे रोजगार के अवसर और मजदूरों को समय पर भुगतान प्रभावित होगा। कांग्रेस पार्टी ने इस निर्णय को पूरी तरह अन्यायपूर्ण बताते हुए इसे किसी भी स्थिति में स्वीकार न करने की बात कही है।

इस पदयात्रा की जानकारी प्रदेश सचिव आत्मजीत सिंह मक्कड़, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (तखतपुर ग्रामीण) अभ्युदय ‘जित्तू’ तिवारी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष (सकरी) अमित साहू और नगर कांग्रेस अध्यक्ष शैलेंद्र निर्मलकर ने संयुक्त रूप से दी। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, मनरेगा श्रमिकों और आम नागरिकों से बड़ी संख्या में शामिल होकर पदयात्रा को सफल बनाने की अपील की। नेताओं ने कहा कि यह पदयात्रा केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि गरीबों, मजदूरों और ग्रामीणों के अधिकारों की निर्णायक लड़ाई है।

You May Also Like

More From Author