रायपुर। राजधानी रायपुर में कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए 23 जनवरी से जिले में पुलिस कमिश्नरी सिस्टम लागू किया जाएगा। इस व्यवस्था के तहत शहरी और ग्रामीण, दोनों क्षेत्रों को मिलाकर पूरे जिले में कमिश्नरी प्रणाली प्रभावी होगी। विधि विभाग की सहमति के बाद गृह विभाग की अंतिम मंजूरी प्रक्रिया में है और जल्द अधिसूचना जारी होने की संभावना है। कैबिनेट बैठक में नए पुलिस कमिश्नर के नाम पर भी फैसला हो सकता है।
सूत्रों के अनुसार दुर्ग रेंज के आईजी रामगोपाल गर्ग रायपुर के पहले पुलिस कमिश्नर बनाए जा सकते हैं, जबकि लाल उमेद सिंह और विजय अग्रवाल को जॉइंट कमिश्नर बनाए जाने की चर्चा है।
पुलिस कमिश्नरी लागू होने के बाद धरना-प्रदर्शन, जुलूस, सार्वजनिक आयोजन, यातायात और आपात स्थितियों से जुड़े कई अधिकार सीधे पुलिस कमिश्नर के पास होंगे, जिससे त्वरित निर्णय और बेहतर अपराध नियंत्रण संभव होगा। हालांकि शस्त्र लाइसेंस और आबकारी से जुड़े अधिकार इस व्यवस्था से बाहर रहेंगे।