गणतंत्र दिवस पर राजीव भवन में फहराया तिरंगा, दीपक बैज ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में तिरंगा फहराया गया। इस मौके पर PCC चीफ दीपक बैज ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संविधान की महत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो नागरिकों को अधिकारों के साथ कर्तव्यों की भी सीख देता है।

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि आज संविधान और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनता की आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने राज्य की भाजपा सरकार को दो साल में ही अलोकप्रिय बताते हुए कहा कि चुनावी वादे पूरे नहीं किए गए।

बैज ने किसानों की कर्ज माफी, धान खरीदी मूल्य, महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था पर सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी देने का वादा अधूरा है और स्कूल बंद किए जा रहे हैं।

केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया और कानून व्यवस्था, जल-जंगल-जमीन की लूट का मुद्दा उठाया। अंत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से सदन तक जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी।

You May Also Like

More From Author