कांकेर। गणतंत्र दिवस के अवसर पर कांकेर जिला प्रशासन ने समाज से जोड़ने की दिशा में एक सराहनीय और संवेदनशील पहल की। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में जिले के 55 आत्मसमर्पित नक्सलियों को पहली बार गणतंत्र दिवस परेड दिखाने के साथ-साथ सिनेमा सिटी सेंटर मॉल में देशभक्ति फिल्म “बॉर्डर-02” का विशेष प्रदर्शन कराया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य आत्मसमर्पित नक्सलियों को मुख्यधारा से जोड़ना, उन्हें आधुनिक जीवनशैली से परिचित कराना और समाज में सम्मानजनक पुनर्वास के लिए प्रेरित करना है। प्रशासन की इस मानवीय और समावेशी सोच को सभी प्रतिभागियों ने खुले दिल से सराहा।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रम और फिल्म प्रदर्शन के बाद आत्मसमर्पित नक्सलियों में उत्साह और सकारात्मक सोच देखने को मिली। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में समाज के साथ मिलकर शांतिपूर्ण और सम्मानजनक जीवन जीने का संकल्प लिया।