छत्तीसगढ़ में ठंड कमजोर, गर्मी का असर तेज, 3 फरवरी को बारिश की संभावना

CG Weather Update Today | रायपुर:
छत्तीसगढ़ में ठंड का असर अब धीरे-धीरे कम होने लगा है और प्रदेश में गर्मी अपनी मौजूदगी दर्ज कराने लगी है। बीते 24 घंटों के दौरान सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजधानी रायपुर में पारा 18.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के अनुसार, लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड बढ़ने की प्रक्रिया पर ब्रेक लग गया है। जनवरी के अंतिम दिनों में आए पश्चिमी विक्षोभ ने तापमान में गिरावट को रोक दिया, जिसके चलते अब मौसम में धीरे-धीरे गर्माहट महसूस की जा रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि हालांकि मौसम में अभी मामूली उतार-चढ़ाव रहेगा, लेकिन आने वाले दिनों में ठंड का दायरा और सिमटता जाएगा।

फिलहाल ठंड का असर सुबह के समय ज्यादा महसूस हो रहा है, लेकिन अगले कुछ दिनों में यह प्रभाव भी कम हो जाएगा। बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अंबिकापुर का तापमान सामान्य से 2 डिग्री और रायपुर का तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा।

उत्तर भारत को छोड़ दें तो प्रदेश के अधिकांश इलाकों में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच चुका है। वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पूर्व ईरान के ऊपर 4.5 से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसके अलावा 2 और 5 फरवरी को दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकते हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि फिलहाल न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 2 फरवरी से इसमें धीरे-धीरे बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। वहीं 3 फरवरी को प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

रायपुर में आज का मौसम:
राजधानी रायपुर में आज सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान लगभग 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

You May Also Like

More From Author