रायपुर। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ में आधुनिक खेती की सराहना करते हुए कहा कि किसानों की मांगों पर काम करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त कमेटी बनाई जाएगी। यह कमेटी किसानों की समस्याओं और सुझावों पर ठोस कार्ययोजना तैयार करेगी।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान का कटोरा है, वहीं यहां आधुनिक तकनीक से सब्जियों का उत्पादन भी किया जा रहा है। किसानों ने हाईटेक मंडी, शोध और बेहतर बीज की मांग रखी है, जिस पर वैज्ञानिकों के साथ चर्चा की गई।
कृषि मंत्री ने बताया कि धान के बाद खाली खेतों में दलहन की खेती को बढ़ावा दिया जाएगा और सरकार उचित मूल्य पर खरीदी करेगी। उन्होंने कहा कि अगले सप्ताह कमेटी का गठन कर प्रदेश सरकार के साथ मिलकर किसानों के हित में फैसले लिए जाएंगे।