जशपुर। जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केरसई में नियमों की अनदेखी कर छात्रों को बाइबिल बांटे जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि विद्यालय के एक व्याख्याता ने बिना प्राचार्य की अनुमति कक्षा में जाकर विद्यार्थियों को बाइबिल की प्रतियां वितरित कीं, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार 10 फरवरी को व्याख्याता दीपक तिग्गा देर से स्कूल पहुंचे और सीधे कक्षा में जाकर पुस्तिकाएं बांट दीं। बाद में छात्रों के बैग की जांच में 14 बाइबिल प्रतियां बरामद हुईं। प्राचार्य ने इसे गंभीर प्रशासनिक लापरवाही मानते हुए संबंधित व्याख्याता को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे में जवाब मांगा है।
मामले की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को दे दी गई है और अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। फिलहाल प्रकरण की जांच जारी है, वहीं आरोपी व्याख्याता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।