मुंगेली। उच्च शिक्षा में समानता को बढ़ावा देने के लिए यूजीसी द्वारा जारी “उच्च शिक्षा संस्थानों में समानता विनियम 2026” को मुंगेली जिले में व्यापक समर्थन मिला है। ST, SC, OBC एकता महासंघ ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और यूजीसी चेयरमैन को पत्र भेजकर इन नियमों का स्वागत किया है।
महासंघ ने कहा कि ये विनियम शैक्षणिक संस्थानों में भेदभाव रोकने और समावेशी माहौल बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। नए नियमों के तहत हर संस्थान में समान अवसर केंद्र और समानता समिति का गठन अनिवार्य होगा, जो वंचित वर्गों को मार्गदर्शन देगा और शिकायतों का समाधान करेगा। साथ ही 24×7 हेल्पलाइन और समानता दल जैसी व्यवस्थाएं भी होंगी।
महासंघ ने उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई के प्रावधान का समर्थन करते हुए कहा कि इससे नियमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा। संगठन ने केंद्र सरकार और यूजीसी से इन विनियमों को जमीन पर लागू करने के लिए राज्यों को स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की मांग की है।





