कांकेर। जिले में अवैध रेत उत्खनन बेखौफ जारी है। चारामा विकासखंड के ग्राम बासनवाही में महानदी से दिन-रात चैन माउंटेन मशीनों द्वारा रेत निकाली जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोज सैकड़ों हाईवा से रेत की तस्करी हो रही है, जिससे शासन को भारी राजस्व नुकसान और पर्यावरण को गंभीर क्षति पहुंच रही है।
नदी किनारों की खुदाई से जलस्तर प्रभावित होने और भविष्य में कटाव का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से निष्पक्ष जांच कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है, चेतावनी दी है कि समय रहते रोक नहीं लगी तो महानदी और आसपास का पर्यावरण संकट में पड़ सकता है।