रायपुर में डीएड अभ्यर्थियों का उग्र प्रदर्शन: अंगारों पर चले, पुलिस से झड़प

रायपुर: तूता धरना स्थल पर सहायक शिक्षक भर्ती की मांग को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। पिछले 57 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे अभ्यर्थियों ने बुधवार को अंगारों पर चलकर विरोध प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें चार अभ्यर्थी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया, जिससे कुछ और अभ्यर्थी भी प्रभावित हुए।

जानकारी के अनुसार, वॉटर कैनन के प्रयोग से दो युवतियां बेहोश हो गईं। करीब एक घंटे तक एम्बुलेंस का इंतजार किया गया, जिसके बाद मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं।

प्रदर्शन के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल रायपुर ले जाया गया।

गौरतलब है कि अभ्यर्थी लंबे समय से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं और इस संबंध में राष्ट्रपति, राज्यपाल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को भी पत्र भेज चुके हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं होने से नाराज अभ्यर्थी 24 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आमरण अनशन पर बैठे हैं।

You May Also Like

More From Author