रायपुर। नक्सली लीडर देवजी के आत्मसमर्पण को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे बड़ी सफलता बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों से सुरक्षा बलों को लगातार कामयाबी मिल रही है और देवजी के सरेंडर से नक्सलियों को बड़ा झटका लगा है। साथ ही संग्राम के आत्मसमर्पण का भी उन्होंने उल्लेख करते हुए कहा कि नक्सलियों की कमर टूट चुकी है।
बालौदाबाजार रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने अपने दौरे का उद्देश्य बताते हुए कहा कि गुरु घासीदास की तपोस्थली गिरौदपुरी में मेले का शुभारंभ हो रहा है, जहां वे शामिल होकर पूजा-अर्चना करेंगे और प्रदेश की खुशहाली की कामना करेंगे।
धर्मांतरण को लेकर प्रदेश में जारी सियासी बहस पर भी मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर बजट सत्र में विधेयक लाया जाएगा। विधेयक को लेकर उन्होंने कहा कि इसके लिए थोड़ा इंतजार करना होगा।