दुर्ग और बिलासपुर में जल्द लागू होगी पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली, गृहमंत्री विजय शर्मा का बड़ा बयान

दुर्ग। भिलाई में आयोजित राष्ट्रीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर डिप्टी सीएम एवं गृहमंत्री विजय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जल्द ही दुर्ग और बिलासपुर जैसे बड़े शहरों में पुलिस कमिश्नरेट प्रणाली लागू की जाएगी, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी हो सकेगी।

भिलाई में आयोजित 14वीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का आज शुभारंभ हुआ, जो 27 फरवरी तक चलेगी। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी छत्तीसगढ़ पुलिस कर रही है। इसमें देशभर के विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और पुलिस की 54 विंग्स की कुल 29 टीमें भाग ले रही हैं।

प्रतियोगिता के सुचारू संचालन की जिम्मेदारी स्पोर्ट्स सेक्रेटरी आईपीएस सदानंद कुमार को सौंपी गई है। उद्घाटन समारोह के दौरान गृहमंत्री विजय शर्मा ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि रायपुर के बाद अब अन्य बड़े शहरों में भी कमिश्नरेट प्रणाली लागू करने की दिशा में सरकार विचार कर रही है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन शहरों में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए इस प्रणाली की जरूरत होगी, वहां इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। हालांकि उन्होंने इसकी समय-सीमा तय नहीं की, लेकिन संकेत दिए कि दुर्ग और बिलासपुर में यह व्यवस्था जल्द लागू हो सकती है।

You May Also Like

More From Author