बस्तर में गैस की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, 34 सिलेंडर और रिफिलिंग पाइप जब्त

बस्तर। ईरान में जारी अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच देश में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ रही है। इसी स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग गैस की कालाबाजारी में जुट गए हैं। इस पर कार्रवाई करते हुए बस्तर जिला प्रशासन ने बड़ी मात्रा में गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

खाद्य विभाग की टीम ने शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में छापा मारकर यह कार्रवाई की। विभाग को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास अवैध रूप से गैस सिलेंडर जमा किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने प्रशांत महाजन के घर पर दबिश दी।

जांच के दौरान घर के अंदर गैस सिलेंडरों का बड़ा भंडार मिला, जिसके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। टीम ने मौके से 24 घरेलू और 10 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा सिलेंडरों से गैस निकालने और अवैध रिफिलिंग के लिए इस्तेमाल होने वाले 3 पाइप भी बरामद किए गए।

प्रशासन का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण गैस आपूर्ति को लेकर बनी स्थिति का लाभ उठाकर कुछ लोग ऊंचे दामों पर गैस बेचने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसी कालाबाजारी को रोकने और आम लोगों को सुचारु रूप से गैस उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन सख्त कार्रवाई कर रहा है।

You May Also Like

More From Author