बीजापुर CRPF कैंप हमले में NIA की सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल

जगदलपुर। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने वर्ष 2024 में सीआरपीएफ कैंप पर हुए माओवादी हमले के मामले में सप्लिमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है। यह मामला बीजापुर जिले के धर्मावरम इलाके में स्थापित नए सीआरपीएफ कैंप पर हुए हमले से जुड़ा है, जिसमें करीब एक दर्जन जवान घायल हुए थे।

जानकारी के मुताबिक, 16 जनवरी 2024 को माओवादियों ने बीजापुर के धर्मावरम, चिंतावागु और पामेड स्थित सीआरपीएफ कैंपों पर एक साथ समन्वित हमला किया था। इस हमले में लगभग 300 माओवादी शामिल थे, जिन्होंने सुरक्षा बलों को निशाना बनाया।

NIA की ओर से दाखिल सप्लिमेंट्री चार्जशीट में तीन गिरफ्तार माओवादी—अवलम भीमा, मदकम नंदा और मदकम देवा उर्फ रतन—के साथ ही तीन फरार आरोपियों को भी नामजद किया गया है। सभी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम (UAPA), भारतीय दंड संहिता (IPC), आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

गौरतलब है कि इससे पहले भी NIA इस मामले में 17 माओवादियों के खिलाफ चार्जशीट पेश कर चुकी है। ताजा सप्लिमेंट्री चार्जशीट के जरिए जांच एजेंसी ने हमले से जुड़े अतिरिक्त साक्ष्य और आरोप अदालत के सामने रखे हैं। इसे सुरक्षा बलों के खिलाफ माओवादी गतिविधियों पर लगाम कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

You May Also Like

More From Author