रतनपुर महामाया मंदिर में नवरात्रि पर कड़ी सुरक्षा, ड्रोन से निगरानी

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि की सप्तमी पर रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पदयात्रा और मंदिर परिसर में हुड़दंगियों पर नजर रखने के लिए ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी।

थाना प्रभारी अंशिका जैन के अनुसार, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखते हुए वाहनों की जांच की जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया गया है, साथ ही भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी।

बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा, जबकि नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए ब्रीथ एनालाइजर के साथ टीमें तैनात रहेंगी।

पदयात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में पेयजल, चिकित्सा और विश्राम की व्यवस्था की गई है। आपात स्थिति के लिए एम्बुलेंस और क्विक रिस्पॉन्स टीम भी अलर्ट रहेगी।

मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की गई है और स्वयंसेवक श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करेंगे, जिससे भीड़ के बीच भी व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

You May Also Like

More From Author