रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 31 मार्च को छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि राज्य अब नक्सलवाद से बाहर निकलकर विकास और सुशासन के नए दौर में प्रवेश कर रहा है। इस सफलता का श्रेय उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और सुरक्षाबलों के साहस को दिया।
साय ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को तथ्यहीन बताते हुए कहा कि पिछली सरकार में न तो स्पष्ट रणनीति थी और न ही इच्छाशक्ति, जिससे नक्सलवाद मजबूत हुआ। उन्होंने दावा किया कि 2023 के बाद केंद्र-राज्य समन्वय से हालात तेजी से बदले हैं और बस्तर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा में लौट रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि नक्सलवाद जैसे गंभीर मुद्दे पर उनका रुख भ्रम पैदा करने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ गतिविधियां नक्सली विचारधारा के प्रति नरमी दर्शाती हैं, जो राष्ट्रहित के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर नक्सलवाद के समूल उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध हैं और छत्तीसगढ़ अब शांति, सुरक्षा और विकास की ओर तेजी से बढ़ रहा है।