रायपुर। दुर्ग-भिलाई से रायपुर आने-जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। नेशनल हाईवे-53 पर कुम्हारी टोल के पास खारून नदी पुल की मरम्मत का कार्य शुरू होने जा रहा है, जिसके चलते यह पुल करीब एक महीने तक बंद रहेगा। इस दौरान ट्रैफिक व्यवस्था को वन-वे कर दिया गया है।
रायपुर और दुर्ग पुलिस ने संयुक्त रूप से नया ट्रैफिक प्लान लागू किया है और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए 44 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।
वैकल्पिक मार्ग के रूप में रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग और अभनपुर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है। वहीं, दुर्ग-भिलाई, रिसाली और उतई से रायपुर आने वाले वाहन सेलूद-फूंडा-जामगांव-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग से आवागमन कर सकते हैं।
चरोदा, कुम्हारी और भिलाई-3 क्षेत्र से आने वाले वाहन सिरसा गेट-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग अपनाएं, जबकि कुम्हारी-अहिरवार से आने वाले उरला-खमरिया-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करें। कुम्हारी टोल से रायपुर की ओर जाने वाले वाहन चंदनीडीह तक वन-वे मार्ग से गुजरेंगे।
रायपुर से दुर्ग जाने वाले छोटे वाहन चंदनीडीह से पुराने पुल (रपटा) के जरिए कुम्हारी टोल तक पहुंच सकते हैं, जबकि अन्य वाहन भटगांव-अमलेश्वर-मोतीपुर मार्ग का उपयोग कर सकते हैं।
पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का पालन करें और एयरपोर्ट, अस्पताल, रेलवे स्टेशन या परीक्षा जैसे जरूरी कार्यों के लिए अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करें।