कृषि मंत्री रामविचार नेताम का कांग्रेस पर हमला, बोले- बजरंगबली की गदा का दिख रहा असर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की गदा अब कांग्रेस पर चल रही है और उसका असर साफ दिखाई दे रहा है। राम मंदिर पहुंचकर उन्होंने प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं दीं और कहा कि भगवान राम का आतिथ्य अस्वीकार करने के बाद से ही कांग्रेस का पतन शुरू हो गया था।

नेताम ने कहा कि बजरंगबली के आशीर्वाद से देश में राम राज्य की स्थापना का संकल्प आगे बढ़ रहा है। साथ ही उन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ से नक्सलियों के खात्मे की शुरुआत हो चुकी है।

कांग्रेस की संगठनात्मक गतिविधियों पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी को अपने ही नेताओं पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह उनके कामकाज की निगरानी कर रही है।

खाद संकट के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए नेताम ने कहा कि देश में खाद की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा बिचौलियों का समर्थन करती रही है, जिसके कारण ऐसी स्थिति बनती है। सरकार इस मामले में सख्ती बरतेगी ताकि जमाखोरी पर रोक लगाई जा सके।

नक्सलमुक्त गांवों के लिए विशेष पैकेज की मांग पर उन्होंने कहा कि सरकार सभी जरूरी कदम उठाएगी और जनता की चिंताओं का समाधान करेगी।

You May Also Like

More From Author