रायपुर। अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायपुर द्वारा अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। यह प्रशिक्षण 4 मई से शुरू होकर 4 जून तक संचालित होगा। इसमें शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
बता दें कि अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 फरवरी 2026 से 10 अप्रैल 2026 तक चली थी। अब आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों को बेहतर तैयारी का अवसर देने के उद्देश्य से यह विशेष कोचिंग कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है।
इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार विभाग के वेब पोर्टल erojgar.cg.gov.in या मोबाइल पर उपलब्ध Chhattisgarh Rojgar App के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह निःशुल्क प्रशिक्षण जिला और विकासखंड स्तर पर उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ऑनलाइन या ऑफलाइन दोनों माध्यमों में आयोजित किया जाएगा। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए अभ्यर्थी रोजगार कार्यालय रायपुर से संपर्क कर सकते हैं।


