रायपुर में आईपीएल 2026 के दो बड़े मुकाबलों को लेकर क्रिकेट का जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 10 मई को मुंबई इंडियंस और आरसीबी के बीच होने वाले मैच के टिकट मिनटों में सोल्ड आउट हो गए, जबकि 13 मई के आरसीबी बनाम केकेआर मैच के अब तक करीब 60 प्रतिशत टिकट ही बिके हैं। टिकटों की भारी मांग के बीच कालाबाजारी भी तेज हो गई है, जहां 3000 रुपये के टिकट 6000 से 16000 रुपये तक में बेचे जा रहे हैं।
मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है, हालांकि कप्तान हार्दिक पांड्या अभी टीम के साथ नहीं पहुंचे हैं। वहीं विराट कोहली के साथ आरसीबी टीम 9 मई को रायपुर पहुंचेगी। सुरक्षा कारणों से होटल और अभ्यास सत्र में दर्शकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने स्टेडियम और होटल परिसर में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।



