रायपुर। सुशासन तिहार 2026 के तहत सुकमा जिला प्रशासन ने दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचकर संवेदनशील प्रशासन की मिसाल पेश की। कलेक्टर अमित कुमार और एसपी किरण चव्हाण ने 30 किलोमीटर के दुर्गम रास्ते मोटरसाइकिल से तय कर गोंडेरास और नीलावाया गांवों का दौरा किया।
गोंडेरास गांव में अधिकारियों ने इमली के पेड़ के नीचे ग्रामीणों से संवाद किया और सोलर प्लेट मरम्मत, आंगनबाड़ी व पंचायत भवन निर्माण जैसे कार्यों के लिए त्वरित निर्देश दिए। गांव में 70 लाख रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी भी दी गई। शिविर के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड, जाति प्रमाण पत्र और पीएम किसान से जुड़े मामलों का मौके पर निराकरण किया गया।
नीलावाया गांव में ग्रामीणों की समस्या सुनते हुए कलेक्टर ने बारिश के दौरान आवागमन की दिक्कत दूर करने के लिए पुलिया निर्माण की स्वीकृति दी। साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने इसे ऐतिहासिक दौरा बताते हुए कहा कि पहली बार कोई कलेक्टर मोटरसाइकिल से उनके गांव पहुंचा है।


