रायपुर। राजधानी रायपुर में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुढ़ियारी स्थित बिजली कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस महामंत्री सुबोध हरितवाल के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए कार्यकर्ताओं ने सीएसईबी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने भी बढ़े हुए बिजली बिल, बार-बार बिजली गुल होने और लो-वोल्टेज की समस्या पर नाराजगी जताई। सुबोध हरितवाल ने आरोप लगाया कि गुढ़ियारी और रामनगर क्षेत्र में कई दिनों से बिजली समस्या बनी हुई है, लेकिन शिकायत के बावजूद अधिकारी फोन तक नहीं उठाते।
उन्होंने कहा कि वर्षों से मेंटेनेंस के नाम पर जनता परेशान हो रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया। वहीं बिजली विभाग के अधिकारी संजीव सिंह ने कहा कि जिन क्षेत्रों में समस्या थी, वहां सुधार कार्य किया जा चुका है और आगे भी विभाग तत्परता से काम करेगा।

