CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर जारी, कई जिलों में हीटवेव अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का कहर लगातार जारी है। प्रदेश के अधिकांश हिस्से लू और तेज धूप की चपेट में हैं। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। रायपुर, बिलासपुर समेत कई जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि बस्तर संभाग में 26 मई से बारिश की गतिविधियां शुरू हो सकती हैं, जबकि प्रदेश के मध्य क्षेत्रों में 29 मई के बाद मौसम बदलने के संकेत हैं। तब तक लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।

शुक्रवार को दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर में 44.2 डिग्री, बिलासपुर में 44 डिग्री, जगदलपुर में 42.4 डिग्री और अंबिकापुर में 41.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 23.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

मौसम वैज्ञानिक एच.पी. चंद्रा के अनुसार, उड़ीसा और आसपास के क्षेत्रों में बने चक्रवाती परिसंचरण, द्रोणिका और पश्चिमी विक्षोभ का असर मौसम पर पड़ रहा है। हालांकि फिलहाल प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि हो सकती है।

राजधानी रायपुर में शनिवार को आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।

You May Also Like

More From Author