छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस चुनाव का ऐलान, 29 मई से शुरू होगी नामांकन प्रक्रिया

रायपुर। छत्तीसगढ़ में युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। चुनाव को निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रदेश को पांच जोन में बांटकर ZRO नियुक्त किए जाएंगे।

ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए नामांकन 29 मई से 13 जून तक भरे जाएंगे, जबकि प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी के पदों के लिए 11 से 13 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 15 से 18 जून तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। इसके बाद सदस्यता अभियान और मतदान प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से संचालित की जाएगी।

युवा कांग्रेस की सदस्यता और चुनाव लड़ने के लिए आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है। फर्जी सदस्यता रोकने के लिए वोटर आईडी अनिवार्य की गई है। आवेदकों को आवेदन के साथ 8 सेकंड का वीडियो भी अपलोड करना होगा, जिसमें वे अपनी जानकारी देंगे। आयु सत्यापन के लिए 10वीं की मार्कशीट, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या अन्य वैध पहचान पत्र मान्य होंगे।

चुनाव में “एक व्यक्ति-एक पद” का नियम लागू रहेगा। कोई भी उम्मीदवार केवल एक पद के लिए ही नामांकन कर सकेगा। जिला अध्यक्ष, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व की मंजूरी आवश्यक होगी तथा उम्मीदवारों का इंटरव्यू दिल्ली में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष लिया जाएगा।

You May Also Like

More From Author