नवा रायपुर को मिला दूसरा SEZ, छत्तीसगढ़ में स्थापित होगा पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र

रायपुर। छत्तीसगढ़ ने औद्योगिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। नवा रायपुर में दूसरे विशेष आर्थिक क्षेत्र (SEZ) की स्थापना को मंजूरी मिल गई है। Polymatech Electronics Limited को 10.13 हेक्टेयर भूमि पर इलेक्ट्रॉनिक्स एवं इंजीनियरिंग आधारित एसईजेड विकसित करने की स्वीकृति दी गई है, जहां सेमीकंडक्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों का निर्माण किया जाएगा।

यह परियोजना राज्य के लिए इसलिए भी खास है क्योंकि इसके माध्यम से छत्तीसगढ़ का पहला सेमीकंडक्टर निर्माण संयंत्र स्थापित होगा। इससे राज्य तकनीक आधारित और उच्च मूल्य वाले विनिर्माण क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।

इस नए एसईजेड से निवेश को बढ़ावा मिलेगा, निर्यात क्षमता मजबूत होगी और छत्तीसगढ़ वैश्विक इलेक्ट्रॉनिक्स सप्लाई चेन से जुड़ सकेगा। साथ ही कौशल विकास, नवाचार और तकनीकी क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

अनुमान है कि अगले पांच वर्षों में इस परियोजना से 1300 से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इससे युवाओं को हाई-टेक उद्योगों में काम करने का मौका मिलेगा और तकनीकी कौशल को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि यह मंजूरी राज्य में उद्योग और निवेश के लिए बेहतर माहौल का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर तकनीक भविष्य की जरूरत है और नवा रायपुर में बनने वाला यह संयंत्र छत्तीसगढ़ के तकनीकी और औद्योगिक भविष्य को नई दिशा देगा।

इसके अलावा, भारत सरकार के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग की LEADS 2025 रैंकिंग में छत्तीसगढ़ को स्थलरुद्ध राज्यों की श्रेणी में “हाई परफॉर्मर” का दर्जा मिला है, जो राज्य की मजबूत लॉजिस्टिक्स और औद्योगिक क्षमता को दर्शाता है। नवा रायपुर का यह नया एसईजेड छत्तीसगढ़ को इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर निर्माण के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

You May Also Like

More From Author