एनएचएम संविदा भर्ती में देरी पर प्रशासन सख्त, सीएमएचओ और डीपीएम को नोटिस जारी

मुंगेली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संविदा भर्ती प्रक्रिया में हुई देरी और विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। कलेक्टर Kundan Kumar के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शीला साहा तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक गिरीश कुर्रे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जारी नोटिस में कहा गया है कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वीकृत संविदा पदों पर भर्ती के लिए शासन स्तर से अनुमति मिलने के बावजूद निर्धारित समय सीमा में नियुक्तियां पूरी नहीं की जा सकीं। इससे स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। संबंधित अधिकारियों को तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नोटिस में आयुष्मान कार्ड और आभा कार्ड निर्माण के लक्ष्य, गैर संचारी रोग (एनसीडी) कार्यक्रम के तहत मरीजों की पहचान एवं उपचार, डीएमएफ प्रस्तावों की प्रगति, नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भूमि आवंटन और भवन निर्माण, झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई, टीकाकरण अभियान तथा हाई-रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में सुस्ती और अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर भी नाराजगी जताई गई है।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि मुख्य सचिव स्तर से भी भर्ती प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने और उसमें पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी चयन प्रक्रियाएं निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के तहत पूरी की जाएंगी।

कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। आम नागरिकों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

You May Also Like

More From Author