खाद की कालाबाजारी पर बड़ी कार्रवाई, तीन दुकानों से हजारों बोरी खाद जब्त

जांजगीर-चांपा। जिले में खाद की कालाबाजारी और अनियमित बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन खाद दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान हजारों बोरी खाद जब्त की गई और कई अनियमितताएं सामने आईं।

कृषि विभाग की टीम ने बम्हनीडीह स्थित विवेक ट्रेडर्स, राम गोपाल साहू कृषि केंद्र तथा खरौद के प्रकाश कृषि केंद्र का निरीक्षण किया। जांच में स्टॉक और रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिलने पर विभाग ने खाद जब्त कर लिया।

सबसे बड़ी कार्रवाई विवेक ट्रेडर्स में हुई, जहां कुल 3943 बोरी खाद बरामद की गई। जांच के दौरान दुकान में उपलब्ध खाद का स्टॉक पॉस मशीन में दर्ज मात्रा से अधिक पाया गया। इसके अलावा प्रकाश कृषि केंद्र से 616 बोरी और राम गोपाल साहू कृषि केंद्र से 836 बोरी खाद जब्त की गई।

कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिलेभर में अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

You May Also Like

More From Author