कबीरधाम में जुआ के फड़ पर पुलिस का छापा, 10 जुआरी गिरफ्तार, नकदी और मोबाइल जब्त

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जुआ और सट्टे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोड़ला थाना और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने खैरबनाखुर्द गांव में जुआ के फड़ पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से 21,260 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन तथा 52 पत्तों की ताश की गड्डी बरामद की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत 92,260 रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

You May Also Like

More From Author