मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुरू की CM हेल्पलाइन 1076, अब शिकायतों का होगा समयबद्ध समाधान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंत्रालय महानदी भवन में राज्य की बहुप्रतीक्षित CM हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने हेल्पलाइन के लोगो का विमोचन कर इसकी कार्यप्रणाली और शिकायत निवारण तंत्र का निरीक्षण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर अपनी शिकायतें, सुझाव और सरकारी योजनाओं पर फीडबैक दर्ज करा सकेंगे। हेल्पलाइन को व्हाट्सऐप से भी जोड़ा गया है और यह 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन संचालित होगी।

उन्होंने बताया कि प्रणाली में 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारी जुड़े हैं तथा 1195 से अधिक श्रेणियों में शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जाएगा। प्रत्येक शिकायत को यूनिक आईडी मिलेगी, जिससे आवेदक उसकी स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। समाधान से असंतोष होने पर शिकायत स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः जांच के लिए भेजी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि CM हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण का माध्यम नहीं, बल्कि जनभागीदारी को बढ़ावा देने का भी प्रभावी मंच है, जो सुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करेगा।

You May Also Like

More From Author