अभनपुर में पटवारी और आरआई के रिक्त पदों से बढ़ी परेशानी, राजस्व प्रकरणों का निराकरण प्रभावित

अभनपुर। अनुविभागीय राजस्व एवं तहसील न्यायालय अभनपुर में कर्मचारियों की कमी के कारण राजस्व प्रकरणों के निराकरण में देरी हो रही है। क्षेत्र में पिछले एक वर्ष से एक दर्जन से अधिक पटवारी और राजस्व निरीक्षक (आरआई) के पद रिक्त हैं, जिससे भूमि संबंधी कई मामले लंबित पड़े हुए हैं।

विवादित भूमि, नामांतरण, सीमांकन, बटांकन और नक्शा सुधार जैसे मामलों में समय पर जांच और रिपोर्ट नहीं मिल पा रही है। इसके कारण किसानों और ग्रामीणों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

स्थिति यह है कि कई पटवारी अतिरिक्त हल्कों का कार्यभार संभाल रहे हैं, जबकि राजस्व निरीक्षकों को भी एक से अधिक क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। बढ़ते कार्यभार के चलते प्रकरणों का समय पर निराकरण नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय लोगों और किसानों ने शासन-प्रशासन से रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि लंबित मामलों का समयबद्ध समाधान हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

You May Also Like

More From Author