रायपुर। पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहम्मद अकबर ने नकटी विवाद को लेकर प्रदेश सरकार पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार विवाद सुलझाने के बजाय नकटी सहित आसपास के गांवों की जमीन नगर विकास योजना के नाम पर निजी हाथों में सौंपने की तैयारी कर रही है।
अकबर ने दावा किया कि शासकीय दस्तावेजों के अनुसार नकटी, सेरीखेड़ी, मंदिर हसौद, रमचंडी, बरौंदा और रीको की करीब 436.01 हेक्टेयर (लगभग 1076 एकड़) भूमि इस योजना में शामिल है। उन्होंने सरकार से स्पष्ट करने की मांग की कि इसमें नकटी की विवादित जमीन शामिल है या नहीं।
उन्होंने कहा कि नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण की निविदा के तहत चयनित एजेंसी को आधारभूत सुविधाएं विकसित करने के बदले मिश्रित उपयोग (मिक्स यूज) भूमि के विकास और विक्रय का अधिकार दिया जाएगा। अकबर ने आरोप लगाया कि इससे जमीन डेवलपर के माध्यम से बेची जाएगी।
उन्होंने कहा कि निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 22 जुलाई 2026 है। ऐसे समय में, जब नकटी गांव में विवाद और तनाव की स्थिति बनी हुई है, सरकार को पहले प्रभावित परिवारों को न्याय और उचित पुनर्वास सुनिश्चित करना चाहिए।

