रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले चार दिनों तक मानसूनी गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। बारिश के चलते राजधानी रायपुर समेत कई जिलों के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
रायपुर में आज बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली सहित कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं रायपुर समेत प्रदेश के कई अन्य जिलों में तेज हवाएं, आकाशीय बिजली और बारिश को लेकर यलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

