CG Weather Update: अगले 48 घंटे भारी बारिश के आसार, कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश, जबकि कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब (डीप डिप्रेशन) के प्रभाव से अगले 48 घंटों तक प्रदेश में बारिश की गतिविधियां तेज रहने और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

रविवार को नवागढ़ में सबसे अधिक 8 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा भटगांव, पिथौरा और भिलाईगढ़ में 7 सेमी, सरायपाली में 6 सेमी तथा कई अन्य क्षेत्रों में 3 से 5 सेमी तक वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि, प्रदेश में अब तक सामान्य से 21 प्रतिशत कम बारिश हुई है।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को दिनभर बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने रायगढ़, जशपुर, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। वहीं बस्तर संभाग समेत कई जिलों में आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

You May Also Like

More From Author