रायपुर तेलीबांधा में भीषण आग, ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें जलकर राख

रायपुर। राजधानी के तेलीबांधा चौक स्थित सुंदरानी हार्डवेयर दुकान में देर रात भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इसकी चपेट में आकर ऑक्टोपस बार समेत तीन दुकानें जलकर राख हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

जानकारी के अनुसार, आग हार्डवेयर दुकान से शुरू होकर आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की चपेट में आने से छह से अधिक दोपहिया वाहन भी जल गए। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।

हार्डवेयर दुकान से सटे ऑक्टोपस बार में मौजूद लोगों ने छत के रास्ते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आसपास के मकानों से भी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।

फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियों और निजी दमकलों की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

You May Also Like

More From Author