CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में 3 दिन बारिश की रफ्तार होगी धीमी, 12 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले तीन दिनों तक बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है। हालांकि, 11 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकते हैं। इसके बाद 12 अगस्त से बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ने के आसार हैं।

राजधानी रायपुर में मंगलवार को बादल छाए रहने और बारिश की संभावना है। अधिकतम तापमान करीब 32 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सोमवार को 32.2 डिग्री तापमान के साथ रायपुर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।

इन जिलों में यलो अलर्ट: महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30-40 किमी प्रति घंटे की तेज हवा और बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर मध्य प्रदेश के आसपास बने निम्न दबाव क्षेत्र और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 12 अगस्त को एक नया निम्न दबाव क्षेत्र बनने की संभावना है। सोमवार को भैरमगढ़, सुकमा और कुटरू में सबसे ज्यादा 5-5 सेमी बारिश दर्ज की गई।

You May Also Like

More From Author