रायपुर। योगगुरु बाबा रामदेव रविवार को रायपुर पहुंचे। भोपाल से देहरादून जाते समय खराब मौसम के चलते उन्होंने रायपुर में रात्रि विश्राम करने का फैसला किया। वे सोमवार सुबह देहरादून रवाना होंगे।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में बाबा रामदेव ने देश की शिक्षा, चिकित्सा व्यवस्था, युवाओं के भविष्य और राष्ट्रहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि देश में किसी धर्म या जाति को खतरा नहीं है, बल्कि भारतीय बचपन, जवानी और देश का भविष्य चिंता का विषय है।
राष्ट्रगीत विवाद पर उन्होंने कहा कि उन्होंने संबंधित वीडियो नहीं देखा है, लेकिन वंदे मातरम और देश की एकता-अखंडता के मुद्दे पर सभी को एकजुट रहना चाहिए और राजनीति से ऊपर राष्ट्रहित को रखना चाहिए।
बाबा रामदेव ने कहा कि केवल प्रधानमंत्री के भरोसे देश की सभी व्यवस्थाएं ठीक नहीं हो सकतीं। मोदी सरकार की कई नीतियों से देश में अच्छा बदलाव हुआ है, लेकिन सब कुछ ठीक है, ऐसा कहना भी सही नहीं होगा। उन्होंने शिक्षा और चिकित्सा के व्यवसायीकरण पर चिंता जताते हुए व्यवस्थाओं में सुधार के लिए समाज के सभी वर्गों से मिलकर प्रयास करने की अपील की।


