CG Weather Today: छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी, 10 जिलों में यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां जारी हैं। मौसम विभाग के अनुसार यह सिस्टम अगले 24 घंटे तक सक्रिय रह सकता है। मंगलवार को सरगुजा को छोड़कर सभी संभागों के कुछ इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में अब तक मौसमी वर्षा सामान्य के करीब है और इसमें करीब 2 प्रतिशत का अंतर है।

अगले 24 घंटे सक्रिय रहेगा सिस्टम

मौसम विभाग के मुताबिक 25 अगस्त को झारखंड और आसपास बना निम्न दबाव का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है। इसके अगले 24 घंटे में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।

रायपुर में बादल और बारिश के आसार

राजधानी रायपुर में 26 अगस्त को आसमान सामान्यतः बादलों से घिरा रहेगा। एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

इन जिलों में यलो अलर्ट

मौसम विभाग ने बुधवार सुबह 7 बजे से अगले तीन घंटे के लिए जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर में बारिश,मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की संभावना जताई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश

पिछले 24 घंटे में बड़े बचेली में सबसे ज्यादा 17 सेमी बारिश दर्ज की गई। ओडगी में 12 सेमी, राजिम में 11 सेमी, जबकि कुटरू, गोबरा नवापारा और मस्तूरी में 10-10 सेमी बारिश हुई। गंगालूर, भोपालपट्टनम और बीजापुर में 9-9 सेमी, वहीं बिहारपुर, मंदिर हसौद, अकलतरा और कोरबा में 8-8 सेमी वर्षा दर्ज की गई।

इसके अलावा प्रदेश के कई इलाकों में 5 सेमी या उससे कम बारिश हुई। मंगलवार को दुर्ग में सबसे अधिक 32.4 डिग्री सेल्सियस तापमान और पेंड्रारोड में सबसे कम 22 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

You May Also Like

More From Author