धमतरी में दिव्यांगों के लिए बड़ी पहल, AI चश्मे से नेत्रहीनों को मिलेगी आसपास की चीजों की जानकारी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की पहल और जिला पंचायत के सीईओ जयंत नाहटा के निर्देश पर समाज कल्याण विभाग ने एक नई पहल शुरू की है। इसके तहत AI आधारित स्मार्ट चश्मे की मदद से नेत्रहीन व्यक्तियों को अपने आसपास की वस्तुओं और रास्ते में आने वाली बाधाओं की जानकारी मिल सकेगी।

इस पहल के तहत दिल्ली से आई टीम ने धमतरी में दृष्टिबाधित लोगों को AI चश्मे पहनाकर इसकी कार्यप्रणाली का प्रदर्शन किया। इस तकनीक को देखकर वहां मौजूद दिव्यांगजनों में उत्साह देखने को मिला।

दरअसल, इन स्मार्ट चश्मों में लगी AI तकनीक आसपास के वातावरण को स्कैन करती है। इसके बाद चश्मा पहनने वाले व्यक्ति को आवाज के माध्यम से बताया जाता है कि सामने कौन-सी वस्तु मौजूद है और आगे किस तरह की बाधा आ सकती है। इससे दृष्टिबाधित लोगों को रोजमर्रा के काम करने और आसपास की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।

इस पहल का उद्देश्य नेत्रहीन लोगों को अधिक आत्मनिर्भर बनाना और उनकी दैनिक चुनौतियों को कम करना है। जानकारी के मुताबिक, धमतरी में जल्द ही ऐसे चश्मे पात्र लाभार्थियों को उपलब्ध कराने की योजना है। इससे जिले के दृष्टिबाधित लोगों को नई तकनीक का लाभ मिलने की उम्मीद है।

You May Also Like

More From Author