छत्तीसगढ़ में गर्मी इन दिनों चरम सीमा पर है। सुबह 9 बजे से ही लोगों को तेज धूप का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि तापमान में अभी कोई कमी नहीं आएगी।
राजधानी रायपुर समेत पूरे छत्तीसगढ़ में नौतपा के पहले दिन से ही गर्मी बढ़ गई है। तेज गर्मी से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है।
इसी समस्या को देखते हुए राजधानी के प्रमुख चौराहों पर वाहनों के लिए छांव की व्यवस्था की जा रही है। शहर में पहली बार प्रमुख चौराहों पर टेंट लगाए जा रहे हैं। इसकी शुरुआत कालीबाड़ी चौक से हुई है।
चैंबर ऑफ कॉमर्स और रायपुर टेंट एसोसिएशन की ओर से यह सराहनीय पहल की जा रही है। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक, शास्त्री चौक, जयस्तंभ चौक और फाफाडीह चौक में टेंट लगाने का काम जारी है।
गौरतलब है कि राजधानी में इन दिनों पारा लगातार 42 से 44 डिग्री तक बना हुआ है। भीषण गर्मी में चौराहों पर रेड लाइट होने पर लोगों को कम से कम 1.30 मिनट तक खड़े रहना पड़ता है।
इससे सबसे ज्यादा दोपहिया वाहन चालकों को परेशानी होती है। इतना ही नहीं जो लोग अपने परिवार के सदस्यों या बच्चों-बुजुर्गों के साथ निकलते हैं उन्हें इस गर्मी का दंश झेलना पड़ता है।
तेज धूप और गर्मी से होने वाली परेशानी को देखते हुए शहरों में टेंट व्यवसायियों द्वारा यह सराहनीय कदम उठाया गया है। राजधानी के कई चौराहों पर टेंट लगाने के बाद दोपहिया वाहन चालकों को थोड़ी राहत मिली है।
मौसम विभाग द्वारा अगले चौबीस घंटे में रायपुर के साथ बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई हिस्सों में मंगलवार को भी ग्रीष्म लहर की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई गई है।
चक्रवाती तूफान के प्रभाव से छाए बादल के आज छंटने की उम्मीद है, इससे रायपुर का अधिकतम तापमान 44 डिग्री अथवा उसके पार होने की संभावना है। ऐसे में चौक चौराहों पर टेंट लगने से लोगों को काफी राहत मिल रही है।