बस्तर में टेलीफ्रॉड के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ठग गिरोह टेलीफोन के माध्यम से लोगों को लालच देकर ठगी कर रहे हैं। ऐसा ही एक मामला भानपुरी ब्लॉक से सामने आया है, जहां एक महिला को पाकिस्तानी नंबर से कॉल कर आईफोन और 10 लाख रुपये की लॉटरी जीतने का झांसा देकर 4.93 लाख रुपये की ठगी कर ली गई।
पीड़िता ने भानपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में पता चला कि आरोपी पाकिस्तान से नहीं बल्कि बिहार से है। इसके बाद पुलिस टीम को बिहार भेजा गया। पटना पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया और उसे जेल भेज दिया।