रायपुर: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के रायपुर रेल मंडल को जल्द ही एक नई वंदे भारत ट्रेन मिलने की उम्मीद है। रेलवे के वरिष्ठ सूत्रों के मुताबिक, दुर्ग से विशाखापट्नम के बीच चलने वाली इस नई ट्रेन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी दिखा सकते हैं। रायपुर रेल मंडल के अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि करते हुए बताया है कि इस संबंध में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
दुर्ग में तैयारी जोरों पर
दुर्ग रेलवे स्टेशन पर भी 12 सितंबर से इस ट्रेन के संचालन की तैयारी शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार, ट्रेन का रैक 10 या 11 सितंबर को दुर्ग पहुंच सकता है। दुर्ग से विशाखापट्नम के लिए यह दूसरी सीधी ट्रेन होगी। इससे पहले दुर्ग-विशाखापट्नम् वाल्टेयर एक्सप्रेस ही एकमात्र सीधी ट्रेन थी।
कौन-कौन से स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन?
यह ट्रेन दुर्ग से रवाना होकर रायपुर, लखोली, महासमुंद, खरियार रोड, कांटा भांजी, टिटलागढ़, सिंगापुर रोड, रायगड़ा, पार्वतीपुरम और विजयानगरम होते हुए विशाखापट्नम पहुंचेगी।
दुर्ग में होगा रखरखाव
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन का रखरखाव और मेंटेनेंस का काम दुर्ग रेलवे स्टेशन के कोचिंग यार्ड में बने कंपोजिट पिट में किया जाएगा। इसके लिए दुर्ग में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
यात्रियों के लिए लाभदायक
इस नई वंदे भारत ट्रेन के शुरू होने से छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। यात्री कम समय में अपनी मंजिल तक पहुंच सकेंगे। साथ ही, उन्हें आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक सुखद यात्रा का अनुभव भी मिलेगा।

