Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

गौ तस्करी के शक में युवकों की पीटकर हत्या

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में बीती रात एक दर्दनाक घटना सामने आई है। गौ तस्करी के शक में अज्ञात लोगों ने तीन युवकों को बुरी तरह पीटकर घायल कर दिया। इस घटना में दो युवकों की मौत हो गई है, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल युवक का इलाज अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, घटना रात करीब 3 बजे की है। महासमुंद जिले के पटेवा क्षेत्र से एक ट्रक (CG 07 CG 3929) गौवंश लेकर रायपुर की ओर आ रहा था। तभी रास्ते में कुछ लोगों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने ट्रक को आरंग के महानदी पुल के पास रोक लिया और उसमें बैठे तीन युवकों – चांद मियां, गुड्डू खान और सद्दाम खान को बाहर निकालकर उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।

इस हमले में चांद मियां और गुड्डू खान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सद्दाम खान गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आरंग पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सद्दाम खान को अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने मौके से ट्रक और उसमें से 24 भैंसें बरामद की हैं, जिनमें से 2 भैंसों की भी मौत हो चुकी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का कहना है कि वे जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे।

यह घटना गौ तस्करी के खिलाफ छत्तीसगढ़ सरकार की सख्त मुहिम के बीच सामने आई है। राज्य सरकार ने गौवंश तस्करी पर रोक लगाने के लिए कड़े कानून बनाए हैं और पुलिस को गौ तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Exit mobile version