Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

रायगढ़ में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: 60 हजार रुपये रिश्वत लेते लिपिक गिरफ्तार

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ अनुविभाग स्थित छाल तहसील कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लिपिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर खसरा के बी-1 रिकॉर्ड में त्रुटि सुधार के एवज में 60 हजार रुपये की रिश्वत मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम धसकामुड़ा निवासी किसान भानुप्रताप पटेल ने एसीबी से शिकायत की थी कि उससे दस्तावेज सुधार के नाम पर रिश्वत की मांग की जा रही है। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।

कार्रवाई के दौरान एसीबी ने आरोपी तुलाराम पटेल को रिश्वत का लेन-देन करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि तुलाराम पटेल मूल रूप से शिक्षक पद पर पदस्थ है और वर्तमान में छाल तहसील कार्यालय में लिपिक के रूप में अटैच था।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आवश्यक दस्तावेजों और साक्ष्यों की जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। फिलहाल एसीबी की टीम मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Exit mobile version