दुर्ग : महादेव सट्टा एप मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) और ईओडब्ल्यू की टीम प्रदेश भर में छापेमारी कर रही है। इस सिलसिले में सोमवार को दुर्ग जिले में चार स्थानों पर छापेमारी की गई और न्यू खुर्सीपार के बंगाली मोहल्ला निवासी विश्वजीत राय और अतुल को हिरासत में लिया गया है।
क्या है पूरा मामला:
महादेव सट्टा एप मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद से ही एसीबी की टीमें मनी लॉन्ड्रिंग करने वालों और सरगना सौरभ चंद्राकर और रवि उप्पल से जुड़े लोगों पर नजर रख रही हैं। सोमवार को भिलाई के फरीदनगर में मोहम्मद सद्दाम के निवास पर भी छापेमारी की गई, लेकिन घर पर ताला लगा मिला। गौरतलब है कि पहले भी ईडी की टीम मोहम्मद सद्दाम के निवास पर छापेमारी कर चुकी है।
इसके अलावा, भिलाई नगर निगम के एक पार्षद के भाई के निवास पर भी एसीबी की टीम ने कार्रवाई की, लेकिन यहां भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। यह पूरी कार्रवाई एसीबी निदेशक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर की गई है।
कौन हैं विश्वजीत राय और अतुल
न्यू खुर्सीपार निवासी विश्वजीत राय जिम चलाने का काम करता था, जो पिछले कुछ महीनों से बंद है। महादेव एप के मामले में पूछताछ के बाद एसीबी की टीम ने विश्वजीत को हिरासत में लिया है। वहीं उसके साथी अतुल को भी विश्वजीत की निशानदेही पर हिरासत में लिया गया है।
स्थानीय पुलिस को नहीं थी जानकारी
इस पूरी कार्रवाई की स्थानीय पुलिस को भी भनक नहीं लगी। पत्रकारों के सवाल पूछे जाने के बाद पुलिस ने अपने स्तर पर जानकारी लेनी शुरू की, लेकिन इसमें मीडिया को जवाब देने के लिए कुछ नहीं था।