Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर सख्ती, सूरजपुर-बिलासपुर समेत कई जिलों में छापेमारी

प्रदेश में एलपीजी गैस सिलेंडरों की अवैध जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। अलग-अलग जिलों में लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सूरजपुर, बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए कई गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।

सूरजपुर जिले के भटगांव तहसील के करकोली गांव में खाद्य और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने महेश गुप्ता के गोदाम पर छापा मारा। यहां से 35 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए, जिनमें 23 भरे हुए और 12 खाली सिलेंडर शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले में अब तक कुल 93 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

वहीं बिलासपुर में गैस की कालाबाजारी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि भारतीय नगर इलाके में ‘गरिमा किचन केयर’ नाम की दुकान में घरेलू गैस सिलेंडरों से अवैध रूप से दूसरे सिलेंडरों में गैस भरी जा रही थी। वीडियो सामने आने के बाद जिला खाद्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

इधर जांजगीर-चांपा जिले में भी खाद्य विभाग की टीम ने पामगढ़-शिवरीनारायण क्षेत्र के होटल और रेस्टोरेंट में छापेमारी की, जहां घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग पर कार्रवाई करते हुए 11 सिलेंडर जब्त किए गए।

इस बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस संकट को लेकर दुष्प्रचार किया जा रहा है, जबकि पेट्रोलियम पदार्थों का आयात लगातार जारी है और आपूर्ति सामान्य बनी हुई है।

Exit mobile version