Gaurela–Pendra–Marwahi : गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में झोलाछाप डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी बीच तहसील मरवाही के निमधा में बिना अनुमति के संचालन करने पर वर्षा जायसवाल क्लीनिक और वर्षा मेडिकल स्टोर्स को नर्सिंग होम एक्ट के तहत तत्काल सील कर दिया गया है। अनुविभागीय दण्डाधिकारी मरवाही, तहसीलदार, खण्ड चिकित्सा अधिकारी और थाना प्रभारी मरवाही की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर वर्षा जायसवाल के (डिग्री इन योगा एंड हेल्थ) क्लीनिक और वर्षा मेडिकल स्टोर को सील किया।
SDM मरवाही दिलेराम डाहिरे ने बताया कि जांच दल ने वर्षा जायसवाल द्वारा प्रस्तुत क्लीनिक एवं मेडिकल स्टोर से संबंधित दस्तावेज और सामग्री की जांच की। जांच में पाया गया कि बिना अनुमति के क्लीनिक संचालित हो रही थी और डॉ. रूपेन्द्र मिश्रा बिना अनुमति के क्लीनिक में उपचार कर रहे थे। इसी प्रकार, वर्षा मेडिकल स्टोर्स, जो रोहित जायसवाल के नाम से संचालित है, का संचालन वर्षा जायसवाल द्वारा किया जा रहा था। मेडिकल स्टोर में देवेंद्र सिंह नामक व्यक्ति दवाइयां बेच रहे थे, जो दवाइयां बेचने के लिए अधिकृत नहीं थे और न ही उनके पास कोई वैध डिग्री थी। यह पूर्णतः मेडिकल संचालन के विरुद्ध पाया गया।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वर्षा जायसवाल क्लीनिक और वर्षा मेडिकल स्टोर को सील कर दिया है।