रायपुर से दुखद समाचार आ रहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस सेवा के अधिकारी, एडिशनल एसपी निमेश बरैया का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से पूरे पुलिस प्रशासन में शोक की लहर दौड़ गई है। निमेश बरैया पिछले 3-4 दिनों से राजधानी रायपुर के सुयश अस्पताल में भर्ती थे और गंभीर बीमारी से ग्रसित थे।
कुछ दिनों पहले बलरामपुर के एडिशनल एसपी निमेश बरैया को पीलिया हुआ था और उनका इलाज जिले के ही एक अस्पताल में चल रहा था, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें रायपुर के सुयश अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। निमेश बरैया तीन-चार दिनों तक सुयश अस्पताल में भर्ती रहे, लेकिन डॉक्टरों के अथक प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और आज सुबह करीब 4 बजे उनका निधन हो गया।
निमेश बरैया को पीलिया के साथ-साथ लीवर में समस्या और ब्रेन हेमरेज की समस्या थी, जिसके चलते उनकी हालत और ज्यादा खराब हो गई थी। निमेश बरैया बिलासपुर और कोरिया जिलों में एडिशनल एसपी के पद पर रह चुके थे और वर्तमान में वे बलरामपुर जिले में एडिशनल एसपी के पद पर कार्यरत थे।
राज्य पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष ओपी शर्मा ने निमेश बरैया को एक मिलनसार और काबिल व्यक्ति बताया और उनके असामयिक निधन को सभी के लिए दुखद बताया। बलरामपुर एसपी राजेश अग्रवाल ने भी निमेश बरैया को एक काबिल अफसर बताया और इस दुखद घड़ी में पूरा विभाग उनके परिवार के साथ है।